Skip to content

चक्रवात और बेमौसम बारिश से रायगढ़ के किसानों की फसल बर्बादी अत्यंत पीड़ादायक, प्रशासन तत्काल सर्वे कराकर दे उचित मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ : तारेन्द्र डनसेना

रायगढ़, 30 अक्टूबर। जिले में हाल ही में चक्रवाती प्रभाव के चलते हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान सहित अन्य फसलें तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में बिछ गई हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है।

इस गंभीर स्थिति पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं शासन से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है।

डनसेना ने कहा कि किसान पूरे साल कड़ी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार करता है। ऐसे समय में जब फसल कटाई के लिए तैयार होती है, तब प्राकृतिक आपदा के कारण फसल का बर्बाद होना किसानों के लिए किसी वज्रपात से कम नहीं है। खेतों में बिछी फसलें किसानों की पीड़ा और उनकी आर्थिक चुनौतियों को बयां कर रही हैं। इससे परिवार के भरण-पोषण, कृषि लागत और कर्ज चुकाने की चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन और कृषि विभाग को केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर तत्काल प्रभावित गांवों और खेतों तक पहुंचना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं—

1. संयुक्त जांच दल का गठन: राजस्व, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कराया जाए।

2. त्वरित एवं पारदर्शी सर्वे: प्रत्येक प्रभावित गांव और खेत में पहुंचकर वास्तविक फसल क्षति का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे।

3. पर्याप्त मुआवजा: फसल नुकसान का उचित आकलन कर प्रभावित किसानों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जाए।

4. फसल बीमा का लाभ: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा क्लेम दिलाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए तथा किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए।

5. ऋण वसूली पर राहत: प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करते हुए उनके कृषि ऋणों की वसूली में नियमानुसार स्थगन एवं आवश्यक राहत दी जाए।

तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और आजीविका की रक्षा करना शासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी विलंब के सर्वेक्षण, मुआवजा वितरण और बीमा संबंधी राहत की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में किसानों को वास्तविक सहायता मिल सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri