Skip to content

भाजपा जिलाध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा-पहले अपने गिरेबान में झांकें

कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूची और भाजपा के चुनावी वादों पर उठाए सवाल

रायगढ़, 27 अक्टूबर। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान द्वारा कांग्रेस नेता नाना पटोले के बयान पर दी गई प्रतिक्रिया के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने पलटवार किया है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने भाजपा जिलाध्यक्ष के बयानों को बचकाना, ओछा और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस लोकतंत्र और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाती है, तब भाजपा नेता मूल सवालों का जवाब देने के बजाय बयानबाजी करने लगते हैं।

डनसेना ने कहा कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया की रक्षा करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की शुचिता और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाना किसी दल की हार-जीत तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में उठने वाली शंकाओं का समाधान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों को लेकर उठी चिंताओं का उल्लेख करते हुए भाजपा से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता इन सवालों पर ठोस जवाब देने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार, लोकतंत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनता के सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना आवश्यक है।

डनसेना ने भाजपा पर अपनी कथित राजनीतिक और प्रशासनिक विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के चुनावी मुद्दों का हवाला देकर मूल सवालों से बचा नहीं जा सकता। जनता अब राजनीतिक दलों के दावों और वास्तविक कार्यों के बीच अंतर समझने लगी है।

रायगढ़ और छत्तीसगढ़ की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से अनेक वादे किए थे। अब भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि उन वादों में से कितने पूरे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दावे जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं और आने वाले समय में मतदाता अपने मताधिकार के माध्यम से इसका जवाब देंगे।

डनसेना ने भाजपा जिलाध्यक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने से पहले भाजपा को अपने चुनावी वादों और कार्यों का आकलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाना विपक्ष का दायित्व है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran