Skip to content

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान: नाना पटोले ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

रायगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस, SIR प्रक्रिया स्थगित करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग

रायगढ़, 26 अक्टूबर। कांग्रेस के देशव्यापी अभियान ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के तहत रायगढ़ स्थित विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक नाना पटोले ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता आवश्यक है।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक नोवल वर्मा एवं प्रकाश नायक, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नागेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष शाखा यादव, अनिल शुक्ला, सलीम नियरिया, जिला कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना तथा महामंत्री दीपक मंडल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया पर जताई चिंता

नाना पटोले ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर चिंता जताई। उन्होंने महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या में कथित तौर पर लगभग 39 लाख की वृद्धि का उल्लेख करते हुए विस्तृत एवं सत्यापन योग्य आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में कथित दोहरे पंजीकरण, अमान्य तस्वीरों और फॉर्म-6 के दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा हरियाणा और कर्नाटक के आलंद क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम हटाने संबंधी शिकायतों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग की।

निर्वाचन आयोग की स्वायत्तता पर सवाल

पटोले ने निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया, अधिकारियों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण और मतदाता डेटाबेस में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। कांग्रेस का कहना है कि चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और जवाबदेह होना चाहिए।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया स्थगित करने तथा मतदाता सूची से कथित रूप से गलत तरीके से हटाए गए नामों की बहाली की मांग की। पार्टी ने मतदाता सूची के आंकड़े सार्वजनिक करने और चुनावी अनियमितताओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने पर भी जोर दिया।

ब्लॉक से राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन की तैयारी

कांग्रेस के अनुसार, AICC के निर्देश पर ब्लॉक एवं जिला स्तर पर मार्च, रैलियां, चौपालें और ‘वोट रक्षक’ अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों का सत्यापन कर नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में दिल्ली में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने और 25 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली का भी उल्लेख किया गया।

अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता अधिकारों की रक्षा, चुनावी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran