Skip to content

रायगढ़ में ट्रैफिक को मिलेगी बड़ी राहत, स्टेशन तक 500 मीटर कम होगी दूरी

अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए बनेगा सीधा रास्ता, यात्रियों का बचेगा करीब 10 मिनट समय

रायगढ़। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की दिशा में एक अहम पहल शुरू हुई है। अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक नया मार्ग विकसित किया जा रहा है। ओपी चौधरी की पहल से तैयार हो रहे इस मार्ग के अस्तित्व में आने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचना पहले के मुकाबले और आसान हो जाएगा।

नए रास्ते से स्टेशन तक की दूरी करीब 500 मीटर कम हो जाएगी। इसका सीधा असर यात्रियों के समय पर पड़ेगा। व्यस्त समय में स्टेशन पहुंचने वाले लोगों का करीब 10 मिनट तक समय बचने की उम्मीद है। खासकर ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में निकलने वाले यात्रियों के लिए यह रास्ता बड़ी राहत साबित हो सकता है।

तीन प्रमुख इलाकों में घटेगा ट्रैफिक दबाव

नए मार्ग का फायदा सिर्फ रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले यात्रियों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि शहर के प्रमुख व्यस्त इलाकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करने में यह नया कनेक्टिविटी रूट अहम भूमिका निभा सकता है।

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में होगा बदलाव

रायगढ़ में लगातार बढ़ते वाहनों और स्टेशन की ओर बढ़ती आवाजाही के बीच यह नया मार्ग यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूरी कम होने के साथ ही वैकल्पिक रास्ता मिलने से मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव घट सकता है। इससे समय की बचत के साथ आवागमन भी ज्यादा सुगम और तेज होने की उम्मीद है।

अगर योजना तय समय पर आकार लेती है तो आने वाले दिनों में रायगढ़वासियों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए कम दूरी, कम समय और कम ट्रैफिक का फायदा मिल सकता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri