Skip to content

शरद पूर्णिमा पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों विप्रजन हुए लाभान्वित

बीपी और शुगर की जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, सिकल सेल जागरूकता के लिए भी निरंतर प्रयासरत है संगठन

रायपुर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन द्वारा बजरंग नगर स्थित विप्र सांस्कृतिक भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों विप्रजनों का ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। साथ ही आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।

शिविर में संगठन के अध्यक्ष डॉ. सतीश दीवान के नेतृत्व में सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान श्रीमती सायरा खान, श्रीमती शीतल अभिषेक दीवान, अनुराग दीवान, ज्ञानेश शर्मा, संजय दीवान, नटराज शर्मा, श्रीधर दीवान, अवधेश धर दीवान सहित अनेक सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे और शिविर के संचालन में सहयोग दिया।

विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन द्वारा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं। संस्था सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. सतीश दीवान ने बताया कि संस्था द्वारा सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समाजों के युवक-युवती परिचय सम्मेलनों में सिकल सेल संस्थान के विशेषज्ञ कर्मचारियों के सहयोग से शिविर लगाए जाते रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सैकड़ों युवक-युवतियों को सिकल सेल रोग के संबंध में जांच, जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। संस्था भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena