Skip to content

सत्ता में भाजपा, फिर भी विपक्ष जैसी भूमिका! कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना का तीखा हमला

जिला कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना बोले-राहुल गांधी के नेतृत्व को जनता का समर्थन, महिला उत्पीड़न के मामलों पर भाजपा की चुप्पी पर भी साधा निशाना

रायगढ़, 12 अक्टूबर। रायगढ़ में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कांग्रेस भवन घेराव कार्यक्रम को लेकर सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने प्रदर्शन को मुद्दाविहीन और फ्लॉप बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में महज 50 से 60 लोगों की मौजूदगी ने भाजपा के जनसमर्थन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि केंद्र और राज्य में सत्ता में होने के बावजूद भाजपा को विपक्ष की तरह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। उनके अनुसार, देश की जनता अब राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है और भाजपा जनता के वास्तविक मुद्दों का जवाब देने में असफल हो रही है।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

कांग्रेस प्रवक्ता ने महिला पहलवानों के आंदोलन, हाथरस कांड, अंकिता भंडारी हत्याकांड और मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा का उल्लेख करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इन मामलों में न्याय और महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने इसी तरह मुखर विरोध क्यों नहीं किया। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराधों और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी भाजपा से जवाब मांगा।

महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

डनसेना ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, कथित वोट चोरी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सवालों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जनता अब राजनीतिक नारों के बजाय सरकारों के कामकाज और महिलाओं की सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाबदेही चाहती है।

उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा के कांग्रेस भवन घेराव कार्यक्रम को राजनीतिक दिखावा करार देते हुए कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर सभी दलों को समान रूप से मुखर होना चाहिए।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran