Skip to content

विधायक जनकराम ध्रुव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, विधायक कॉलोनी के लिए प्रस्तावित भूमि बदलकर नवा रायपुर में अन्यत्र आवंटन की मांग

रायपुर/ गरियाबंद 30 जून। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनकराम ध्रुव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित भूमि आवंटन को निरस्त करते हुए नवा रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान पर भूमि आवंटित करने का आग्रह किया है। विधायक ने अपने पत्र में जनहित, ग्रामीणों की भावनाओं तथा प्रशासनिक सुविधा का हवाला देते हुए इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में विधायक जनकराम ध्रुव ने कहा है कि पूर्व में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए ग्राम पंचायत नकटी में भूमि आवंटित की गई थी, किंतु इस प्रस्तावित स्थल को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक विरोध किया जा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बावजूद प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को विश्वास में लिए बिना उनकी भूमि खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी और असंतोष व्याप्त है।

विधायक ने पत्र में कहा कि सैकड़ों ग्रामीणों के आशियाने उजड़ने की आशंका है और प्रभावित परिवार प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी के लिए अपना घर-बार छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसी स्थिति में जनभावनाओं का सम्मान करना आवश्यक है तथा किसी भी विकास कार्य में स्थानीय नागरिकों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित, प्रशासनिक सुगमता तथा विधायकों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत नकटी के स्थान पर नवा रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थल पर विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित की जाए। उनका कहना है कि इससे एक ओर ग्रामीणों का विस्थापन टलेगा, वहीं विधायकों को भी बेहतर आधारभूत सुविधाओं वाला स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

पत्र के अंत में विधायक जनकराम ध्रुव ने विश्वास व्यक्त किया है कि मुख्यमंत्री इस विषय पर संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जनहित में उचित निर्णय लेंगे।

इस पत्र की प्रतिलिपि एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी प्रेषित की गई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri