Skip to content

देश के टॉप 100 जिलाधिकारियों में शामिल हुए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, प्रशासनिक उत्कृष्टता के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। फेम इंडिया और एशिया पोस्ट द्वारा जारी प्रतिष्ठित “सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026” विशेषांक में उन्हें देश के उत्कृष्ट और प्रभावशाली जिलाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक नवाचार, प्रभावी प्रबंधन, त्वरित निर्णय क्षमता और जनहित आधारित कार्यशैली के लिए प्रदान किया गया है।  

फेम इंडिया और एशिया पोस्ट द्वारा किए गए इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देशभर के लगभग 800 जिलों का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद विभिन्न मानकों पर समीक्षा कर केवल 100 जिलाधिकारियों का चयन किया गया। सर्वेक्षण में अधिकारियों का आकलन 10 प्रमुख मानकों पर किया गया, जिनमें प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी शासन, विजन एवं नवाचार, जवाबदेही, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क कौशल, विकासोन्मुख सोच और कार्यशैली जैसे पहलुओं को शामिल किया गया।  

रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ से चयनित अधिकारियों में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के साथ बालोद की दिव्या उमेश मिश्रा और बीजापुर के संबित मिश्रा का नाम भी शामिल है। फेम इंडिया ने अपने विशेषांक में उन अधिकारियों को स्थान दिया है जिन्होंने जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसरोकार से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।  

राजधानी रायपुर के कलेक्टर के रूप में डॉ. गौरव सिंह की कार्यशैली पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रही है। प्रशासनिक सुधार, जनसुनवाई व्यवस्था, नवाचार आधारित योजनाओं और शहरी प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका को विभिन्न मंचों पर सराहा गया है। वे वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में रायपुर जिले की प्रशासनिक कमान संभाल रहे हैं।  

फेम इंडिया मैगज़ीन ने कहा है कि यह सर्वेक्षण केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, सामाजिक प्रतिक्रिया और जमीनी फीडबैक को भी शामिल किया गया। संस्था के अनुसार इस पहल का उद्देश्य देशभर में बेहतर प्रशासनिक नेतृत्व को प्रोत्साहित करना और जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पहचान देना है।  

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri