Skip to content

पुलिस पर गंभीर आरोप, चौहान समाज ने दोषी पुलिसकर्मियों पर एफआईआर की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

खरसिया (रायगढ़)। खरसिया क्षेत्र में कथित पुलिस मारपीट से हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों और चौहान समाज के लोगों ने शनिवार को प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर खरसिया थाना प्रभारी सहित ड्यूटी में मौजूद पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) खरसिया को सौंपा गया। इसमें आरोप लगाया गया है कि पुलिस हिरासत में अमानवीय तरीके से मारपीट करने के कारण युवक की हालत गंभीर हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मारपीट कर थाने लाने का आरोप

ज्ञापन में मृतक की पत्नी किरण चौहान ने आरोप लगाया है कि उनके पति रमेश चौहान सहित करीब 9 लोगों को पुलिस द्वारा मारपीट करते हुए थाने लाया गया था। आरोप है कि थाने में भी पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में एक-एक कर सभी लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

परिजनों का कहना है कि 1 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2 बजे से रात 9–10 बजे तक और फिर 2 मार्च की सुबह 7 बजे से 10–11 बजे तक लगातार मारपीट की गई। इस दौरान पेट, सीना, सिर और पैरों के तलवों पर गंभीर रूप से पीटा गया।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मारपीट के कारण रमेश चौहान की हालत गंभीर हो गई और उनका आधा शरीर लकवाग्रस्त (पैरालिसिस) जैसी स्थिति में पहुंच गया। बाद में उन्हें खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया।

रायपुर में इलाज के दौरान मौत

परिजनों के अनुसार बाद में रमेश चौहान को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 5 मार्च 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत में की गई बेरहमी से मारपीट के कारण ही उनकी मौत हुई।

दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि 1 और 2 मार्च को ड्यूटी में मौजूद थाना प्रभारी और सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।

चौहान समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरा समाज व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran