Skip to content

शिव आरती, दीपोत्सव और भव्य आतिशबाज़ी के साथ पाली महोत्सव 2026 का दिव्य शुभारंभ 

कोरबा, 15 फरवरी 2026।

उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में गूँजा ऐतिहासिक पाली

ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाली महोत्सव 2026 का भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ शिव आरती, दीपोत्सव और आकर्षक आतिशबाज़ी के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सायं लगभग 7 बजे पाली के प्राचीन शिव मंदिर घाट पर आयोजित महाआरती और दीपोत्सव ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और अलौकिक बना दिया।

पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर एवं सरोवर के चारों ओर सजे हजारों दीपों की स्वर्णिम आभा ने मानो धरती पर आस्था का आकाश उतार दिया। शांत सरोवर में झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब और मंत्रोच्चार की गूंज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया।

मंत्री लखनलाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन रहे। उनके मुख्य आतिथ्य में दीपोत्सव का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। गंगा आरती, धूप आरती एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने ऐतिहासिक शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल, ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा, पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अमले से कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

🔹आतिशबाज़ी ने बढ़ाया उत्सव का उल्लास

शिव आरती और दीपोत्सव के पश्चात आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी ने उत्सव को और भी भव्य बना दिया। पूरा पाली नगर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

पाली महोत्सव 2026 का यह शुभारंभ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पाली ने एक बार फिर अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri