Skip to content

महाशिवरात्रि: मन, ग्रह और महाकाल का दिव्य संगम

फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को मनाई जाने वाली महाशिवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि गहन ज्योतिषीय और आध्यात्मिक महत्व की रात्रि है। यह वह समय है जब चंद्रमा अपनी क्षीणतम अवस्था में होता है। ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं और मानसिक स्थिरता का कारक माना गया है। जब चंद्र दुर्बल होता है, तब मन भी अस्थिर हो सकता है। इसलिए इस रात्रि में उपवास, जप, ध्यान और जागरण का विधान किया गया है, ताकि मन को शिवत्व में स्थिर किया जा सके। भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान अर्धचंद्र इस सत्य का प्रतीक है कि मन का नियंत्रण और शांति केवल शिव-साधना से संभव है।

ज्योतिषीय दृष्टि से यह रात्रि विशेष रूप से उन लोगों के लिए फलदायी मानी गई है जिनकी कुंडली में चंद्र, राहु, केतु या शनि से संबंधित अशुभ योग हों। राहु-केतु भ्रम और मानसिक अशांति के कारक हैं, जबकि शिव को महाकाल कहा गया है-अर्थात काल और ग्रहों के भी अधिपति।महामृत्युंजय मंत्र का जप इन छाया ग्रहों के दुष्प्रभाव को संतुलित करने की आध्यात्मिक शक्ति देता है। शनि को शिवभक्त माना गया है, अतः साढ़ेसाती या ढैय्या से पीड़ित जातकों के लिए भी यह रात्रि विशेष कृपादायी सिद्ध हो सकती है।

आध्यात्मिक दृष्टि से महाशिवरात्रि “अहं से शिव” की यात्रा है। चतुर्दशी तिथि चौदह कलाओं के समर्पण का प्रतीक है, मानो जीव अपने समस्त अहंकार, वासनाओं और मानसिक विकारों को शिव चरणों में अर्पित कर दे। यह रात्रि केवल जागरण का अनुष्ठान नहीं, बल्कि चेतना के जागरण का अवसर है-जब मन का अंधकार तप, मंत्र और समर्पण के माध्यम से प्रकाश में परिवर्तित होता है। यही महाशिवरात्रि का वास्तविक संदेश है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri