Skip to content

UPSC में छत्तीसगढ़ का परचम: रायपुर की वैभवी अग्रवाल 35वीं रैंक के साथ चमकी, प्रदेश के 5 युवाओं ने रचा इतिहास

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग यानी (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में राज्य के पांच युवाओं ने शानदार सफलता हासिल की है। इनमें रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने पूरे देश में 35वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इसके अलावा दर्शना सिंह को 283वीं, डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं, रोनक अग्रवाल को 772वीं और संजय डहरिया को 946वीं रैंक प्राप्त हुई है। इन सभी युवाओं की सफलता से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

वैभवी अग्रवाल ने लहराया परचम

रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने 35वीं रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। उनकी इस सफलता को लेकर परिवार और शहर में उत्साह का माहौल है। उनकी मेहनत और लगातार तैयारी का परिणाम आज सामने आया है।

दर्शना सिंह को 283वीं रैंक

मंडल क्षेत्र के जनकपुर (भगवानपुर) की रहने वाली दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक हासिल की है। उनके पिता अजय सिंह और माता सीमा सिंह जनकपुर में पार्षद हैं। दर्शना की सफलता से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है और उन्हें आईएएस बनने की संभावना है।

डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक

धमतरी जिले के परसवानी (मगरलोड) के निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने यूपीएससी परीक्षा में 623वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी माता शिक्षिका हैं। डायमंड इससे पहले भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल रहे हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

तीसरे प्रयास में सफल हुए संजय डहरिया

महासमुंद जिले के बेलटुकरी के संजय डहरिया ने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की। खास बात यह है कि वे पहले बैंक की नौकरी करते थे, लेकिन यूपीएससी की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार सफलता प्राप्त की।

रोनक अग्रवाल ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान

खरसिया मूल के रहने वाले रोनक अग्रवाल रायपुर में रहकर तैयारी कर रहे थे। उन्होंने 772वीं रैंक हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और दोस्तों को दिया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि इन युवाओं की मेहनत और समर्पण से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri