Skip to content

पेड़ से लटकी मिली युवती की लाश.. आत्महत्या या मर्डर? जांच में जुटी पुलिस..!

रायपुर। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नरैय्या तालाब के पास शुक्रवार सुबह एक युवती की लाश पेड़ से लटकी हुई मिलने से सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृत युवती की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। युवती कौन है और घटनास्थल तक कैसे पहुंची, इसे लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवती अकेले आई थी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ। पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena