Skip to content

गैस सिलेंडर को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला, बुकिंग वाले दिन ही मिलेगा सिलेंडर

रायगढ़ में सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से दूर रहने की अपील; शिकायत के लिए कंट्रोल रूम और टोल-फ्री नंबर जारी

रायगढ़, 14 मार्च 2026। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने जिले में संचालित सभी गैस एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जिले में पंजीकृत घरेलू गैस उपभोक्ताओं की आवश्यकता के अनुरूप एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

अपर कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में गैस लेने के लिए लगने वाली लंबी कतारों को व्यवस्थित और नियंत्रित किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन बुकिंग या डीएससी जिस दिनांक को सफल होती है, उसी दिन अनिवार्य रूप से गैस सिलेंडर का वितरण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए टोल-फ्री दूरभाष नंबर 07762-319962 जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित भ्रामक खबरों से प्रभावित न हों और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे प्रशासन से संपर्क करें।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri