Skip to content

छत्तीसगढ़ में 5 हजार से अधिक शिक्षकों की सीधी भर्ती, फरवरी 2026 से प्रक्रिया शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने पांच हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी पूरी कर ली है। इन पदों के लिए विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा और भर्ती परीक्षा छतीसगढ़ व्यापमं द्वारा आयोजित की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने विज्ञापन जारी करने से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आवश्यक दस्तावेज व्यापमं को सौंप दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सीधी भर्ती की प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी।

लिखित परीक्षा से होगा चयन

इन पदों पर चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। विस्तृत दिशा-निर्देश (डिटेल्ड गाइडलाइंस) आगामी दिनों में जारी किए जाएंगे, जिसमें पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और सिलेबस की जानकारी दी जाएगी।

किन पदों पर होगी भर्ती?

सहायक शिक्षक शिक्षक व्याख्याता सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) इन पदों के जरिए प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक शिक्षकों की कमी पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

क्या है मापदंड?

स्थानीय मूल निवासियों को प्राथमिकता चयन लिखित परीक्षा के आधार पर विज्ञापन शीघ्र जारी होगा भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ

शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

इस भर्ती से जहां हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। खास बात यह है कि अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए पद शामिल किए गए हैं, जिससे व्यापक स्तर पर अवसर उपलब्ध होंगे।

गौरतलब है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बीएड अर्हताधारियों के स्थान पर डीएड अर्हताधारियों को नियुक्ति दी गई थी। अब नई भर्ती प्रक्रिया से रिक्त पदों को भरने की दिशा में सरकार निर्णायक कदम उठा रही है।

राज्य सरकार का मानना है कि योग्य शिक्षकों की नियुक्ति से शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena