Skip to content

सरकार की सख्ती का असर: चीनी की एक्स-मिल कीमत 30% घटी, खुदरा बाजार में राहत का इंतजार

नई दिल्ली। सरकार की सख्ती के बाद चीनी की एक्स-मिल कीमत में करीब 30 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 18 अगस्त को मिल से निकलते समय चीनी की कीमत करीब 67 रुपये प्रति किलो थी, जो सोमवार को घटकर 47 रुपये प्रति किलो रह गई। हालांकि, कीमतों में इस गिरावट का फायदा अभी आम उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचा है। खुदरा बाजार में चीनी अब भी 60 रुपये प्रति किलो से अधिक के भाव पर बिक रही है।

सूत्रों के मुताबिक, खुदरा बाजार में कीमत कम नहीं होने की प्रमुख वजह दुकानदारों के पास मौजूद पुराना स्टॉक है। कई कारोबारियों ने चीनी पहले अधिक कीमत पर खरीदी थी, इसलिए वे मौजूदा स्टॉक को नुकसान में बेचने के बजाय पुरानी कीमत पर ही बेच रहे हैं। कम कीमत पर खरीदा गया नया स्टॉक बाजार में आने के बाद ही खुदरा कीमतों में कमी आने की उम्मीद है।

रविवार को खुदरा बाजार में चीनी का औसत भाव करीब 64.23 रुपये प्रति किलो रहा, जबकि थोक कीमत 59.72 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। बाजार सूत्रों का अनुमान है कि एक्स-मिल कीमत में आई गिरावट का असर खुदरा बाजार में दिखाई देने में कम से कम 10 दिन लग सकते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को सस्ती चीनी के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena