Skip to content

भाजपा सांसद के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कांग्रेसी नेता तारेन्द्र डनसेना बोले-आरोपों से नहीं, विकास के मुद्दों पर दें जवाब

आदिवासी हित, हसदेव, रोजगार और विकास को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

रायगढ़, 18 अगस्त। रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ की गई बयानबाजी पर तीखा पलटवार किया है। डनसेना ने सांसद के आरोपों को आधारहीन और भ्रामक बताते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज और जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने जारी बयान में कहा कि भाजपा लगातार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में जनहित में लिए गए फैसलों और योजनाओं से भाजपा असहज है, इसलिए जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस और उसके नेताओं के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है।

कांग्रेस ने गिनाए आदिवासी हित में किए गए कार्य

डनसेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के हितों की बात करने वाली कांग्रेस ने अपने शासनकाल में जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने लोहंडीगुड़ा क्षेत्र में आदिवासियों की 4200 एकड़ से अधिक जमीन वापस लौटाए जाने, 65 लघु वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी तथा तेंदूपत्ता की मानक दर बढ़ाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों का सीधा लाभ आदिवासी परिवारों को मिला।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व या पद देने से उनके अधिकार सुरक्षित नहीं होते। उनके लिए रोजगार, वनाधिकार, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा जैसे मूलभूत सवाल अधिक महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में इन विषयों पर नीतिगत फैसले लिए।

हसदेव के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

कांग्रेस प्रवक्ता ने हसदेव के जंगलों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा आदिवासी हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

डनसेना ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों की वास्तविक रक्षा केवल भाषणों और राजनीतिक बयानों से नहीं, बल्कि धरातल पर लिए गए फैसलों से होती है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि यदि वह वास्तव में आदिवासी हितों की सबसे बड़ी पक्षधर है तो उसे आदिवासी समाज से जुड़े जमीनी सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

किसान, मजदूर और युवाओं के मुद्दे भी उठाए

तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर, युवा, महिला और आदिवासी सहित विभिन्न वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गईं। कांग्रेस सरकार ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनता महंगाई, बेरोजगारी, विकास कार्यों की गति और कानून-व्यवस्था जैसे सवालों को लेकर चिंतित है। ऐसे समय में सांसद को इन मुद्दों पर जनता के बीच जवाब देना चाहिए, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के जरिए ध्यान भटकाना चाहिए।

रायगढ़ के विकास पर सांसद से मांगा जवाब

जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया को कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करने के बजाय रायगढ़ जिले की जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, उद्योगों से जुड़े स्थानीय मुद्दे, प्रदूषण, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाएं और युवाओं के भविष्य जैसे विषय जनता के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि सांसद को यह बताना चाहिए कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के माध्यम से रायगढ़ के लिए कितनी योजनाएं स्वीकृत हुईं, कितने विकास कार्य धरातल पर पहुंचे और जनता की लंबित मांगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई।

“जनता सब समझती है”

तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता राजनीतिक बयानबाजी और वास्तविक जनहित के कार्यों के बीच अंतर समझती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बदनाम करने के लिए लगाए जा रहे आरोपों से जनता के वास्तविक सवाल खत्म नहीं होंगे।

उन्होंने सांसद राधेश्याम राठिया को नसीहत देते हुए कहा कि “अनर्गल बयानबाजी छोड़कर रायगढ़ के विकास और जनता के हित से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। जनता आरोप नहीं, काम और जवाब चाहती है।”

डनसेना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार से विकास, रोजगार, किसान, मजदूर, आदिवासी अधिकार तथा स्थानीय समस्याओं पर जवाब मांगती रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran