Skip to content

रायगढ़ कांग्रेस ने संगठन में कड़ाई के दिए संकेत, महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जिलेभर में छेड़ेगी चरणबद्ध जनआंदोलन

रायगढ़, 4 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) रायगढ़ की मासिक बैठक एवं संगठनात्मक समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। करीब तीन घंटे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तथा प्रदेशव्यापी महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत संगठनात्मक समीक्षा के साथ हुई, जिसमें प्रत्येक ब्लॉक की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, बूथ समितियों की स्थिति तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस संगठन अनुशासन और सक्रियता के आधार पर चलता है। उन्होंने कहा कि लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि इसके बाद भी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संगठनात्मक हितों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियों में आवश्यक परिवर्तन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पद सम्मान के साथ-साथ जवाबदेही का भी विषय है और प्रत्येक पदाधिकारी को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा।

नगेंद्र नेगी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि जनता के हर मुद्दे पर संघर्ष करना है। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करें तथा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वास्तविक कार्यकर्ता वही है जो जनता के सुख-दुःख में उनके साथ खड़ा रहे।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण विषय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार महंगी बिजली, लगातार बढ़ते बिजली बिलों तथा स्मार्ट मीटर के विरोध में चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी अभियान रहा। सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से नेतृत्व को अवगत कराया और बताया कि बिजली बिलों में वृद्धि तथा स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में व्यापक असंतोष है। इस पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

रणनीति के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम नागरिकों से संपर्क करेंगे, उनकी शिकायतें सुनेंगे तथा आवेदन प्रपत्र भरवाकर जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे। इसके साथ ही पंचायतों, नगर क्षेत्रों और वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान, प्रेस वार्ताएं, बैठकें एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कर महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, प्रेस वार्ताओं, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिला नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संगठन के कार्यक्रमों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करें तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं।

बैठक में पुसौर ब्लॉक अध्यक्ष नरेश तिवारी, धरमजयगढ़ अध्यक्ष ऋतुराज सिंह ठाकुर, खरसिया ग्रामीण अध्यक्ष मनोज गबेल, खरसिया शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा, लैलूंगा अध्यक्ष वीरेन्द्र शाह, प्रदेश प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष किरण पंडा, जिला उपाध्यक्ष मुकुंद मुरारी पटनायक, विजय शर्मा, श्रीमती नैना गबेल सहित सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने किया, जबकि वरिष्ठ नेता अभय महंती ने आभार व्यक्त किया।

बैठक में श्रीमती संपति सिंह सिदार, गुलापी सिदार, यशोमती सिदार, रोशन लाल पंडा, सौरभ अग्रवाल, घरघोड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, मनीषा शर्मा, अवध पटेल, देवेन्द्र शर्मा, रामुदास महंत, बबलू साहू, संतोष बोहीदार, देवानंद पटेल, मानिक पटनायक, लालचंद साहू, गंगाराम पोर्ते, राजीव डनसेना, शुभम पटेल, युवराज साहू, अजय भारती, दिनेश राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ जिला कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाकर सफल बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से जिले में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान और अधिक प्रभावी होगा।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) रायगढ़ के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तथा महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ चरणबद्ध जनआंदोलन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम जनता से संपर्क करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे तथा जनआवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri