Skip to content

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में ACB की बड़ी कार्रवाई: मुआवजा दिलाने के नाम पर ₹50 हजार रिश्वत मांगने वाला बाबू गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले में रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को शासन की मुआवजा राशि दिलाने के एवज में ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उनकी पत्नी रामकुमारी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन की योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए राजस्व विभाग में आवेदन किया गया था, लेकिन मुआवजा प्रकरण रायगढ़ कलेक्ट्रेट में लंबित था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार से मिला, तो आरोपी ने मुआवजा राशि शीघ्र बैंक खाते में जमा कराने के बदले ₹50 हजार की रिश्वत की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित रूप से रिश्वत की रकम की गारंटी के तौर पर ₹50 हजार का हस्ताक्षरित चेक भी मांगा और कहा कि मुआवजा मिलने के बाद निर्धारित राशि उसे देनी होगी।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। जिस मुआवजा राशि का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को राहत देना है, उसी पर रिश्वत मांगना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena