Skip to content

रायपुर में 21 से 25 जुलाई तक रहेगा जगद्गुरु शंकराचार्य का पावन प्रवास, ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’ के तहत पांच दिवसीय धर्मसभा

रायपुर। श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर, पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज का 21 से 25 जुलाई तक रायपुर में पांच दिवसीय पावन प्रवास होगा। यह प्रवास ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। आयोजन श्री सुदर्शन संस्थानम् (शंकराचार्य आश्रम एवं प्रांतीय कार्यालय – पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी एवं आनंद वाहिनी), बिलासपुर रोड, रावाँभाठा, रायपुर में संपन्न होगा।

प्रवास के दौरान पूज्य शंकराचार्य महाराज धर्म, राष्ट्र, भारतीय संस्कृति, गोसंरक्षण, सनातन परंपरा तथा ‘हिंदू राष्ट्र’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देंगे। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी एवं आनंद वाहिनी की केंद्रीय तथा प्रांतीय इकाइयां आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में जुटी हुई हैं।

आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा तिवारी, पीठ परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत तिवारी तथा आदित्य वाहिनी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष दुबे ने प्रदेशवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन, आशीर्वाद एवं प्रेरक उद्बोधनों का लाभ लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति जनजागरण का महत्वपूर्ण अवसर है।

आयोजन के सफल संचालन में अवधेश नंदन श्रीवास्तव, ठाकुर सत्येंद्र प्रताप सिंह परमार, उत्तम शर्मा, संजय सिंह, शिव गोविंद सिंह एवं मारुति शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri