Skip to content

पूर्णिमा चौहान हत्याकांड में जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा! पुलिस को मिले अहम सुराग, आज हो सकती है प्रेस कॉन्फ्रेंस

जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत जोंगरा में दिनदहाड़े महिला पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर की गई हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस की जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस बीते कई दिनों से इस मामले में लगातार तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले प्रमाणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का गहन विश्लेषण कर रही है। सूत्रों का दावा है कि जांच एजेंसियों ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की है और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जोड़कर पूरे मामले की कड़ियों को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर बुधवार को इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सकते हैं, जिसमें हत्या के कारण, आरोपियों की भूमिका, जांच में मिले साक्ष्य तथा कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जा सकती है। हालांकि इस प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जब इस संबंध में नगर निरीक्षक लखन लाल पटेल तथा संबंधित एसडीओपी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो दोनों अधिकारियों ने जांच प्रभावित होने की आशंका का हवाला देते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के इस रुख से यह स्पष्ट है कि पुलिस फिलहाल जांच को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है और आधिकारिक खुलासे से पहले किसी प्रकार की जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहती।

इधर, जोंगरा सहित पूरे क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। स्थानीय लोगों में यह जानने की उत्सुकता बनी हुई है कि हत्या के पीछे आखिर क्या वजह थी, इसमें कितने लोग शामिल थे और पुलिस ने किन साक्ष्यों के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाई है। आमजन की निगाहें अब पुलिस की संभावित आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।

गौरतलब है कि पूर्णिमा चौहान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। अब यदि पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाती है, तो इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri