Skip to content

रायगढ़ में नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़, 240 लीटर मिलावटी शराब जब्त

रायगढ़, 9 जून 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में नकली एवं मिलावटी शराब, पैकिंग सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू लंबे समय से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना कोतरारोड़, साइबर सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। प्रारंभिक सत्यापन के लिए पुलिस के एक प्वाइंटर को शराब खरीदने भेजा गया। आरोपी द्वारा बेची गई शराब की जांच में उसके लेबल, होलोग्राम, गंध और स्वाद में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद टीम ने तत्काल आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने दुष्यंत पटेल को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने फरार व्यक्ति की पहचान अपने बड़े भाई सुभाष पटेल के रूप में की। घर परिसर में बने एक कोठे की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब का जखीरा मिला। यहां रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, गोल्डन गोवा, रिजर्व क्वार्टर तथा किंगफिशर जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम पर पैक की गई नकली शराब बरामद हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट और अन्य रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे। शराब के रंग और स्वाद को असली जैसा दिखाने के लिए रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग किया जाता था। इसके बाद पुराने इस्तेमाल किए गए शराब की बोतलों को साफ कर उनमें तैयार मिश्रण भरा जाता था और उन पर नकली लेबल तथा डुप्लीकेट होलोग्राम चिपकाकर बाजार में बेचा जाता था। पुलिस के अनुसार यह शराब कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ मिलाकर खपाई जाती थी, जिससे आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।

संयुक्त टीम ने मौके से 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 560 शराब बोतलों के ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें तथा पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह अवैध कारोबार कोरोना काल से संचालित किया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू, सुभाष पटेल और विनय सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता तथा आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में सक्रिय ऐसे संगठित नेटवर्कों की पहचान कर उनके प्रत्येक सदस्य के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा “ऑपरेशन आघात” के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena