Skip to content

हनुमंत कथा के दौरान आंधी-तूफान का कहर, भव्य पंडाल हुआ धराशायी

चपले में चल रही कथा को प्राकृतिक आपदा का झटका

रायगढ़। जिले के चपले (राबर्टसन) ग्राम में चल रही श्री हनुमंत कथा के दौरान शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने आयोजन स्थल पर भारी तबाही मचा दी। कथा के लिए बनाया गया विशाल पंडाल तेज हवाओं की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

गौरतलब है कि ग्राम चपले में 28 मई से 3 जून 2026 तक श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण कथा स्थल पर लगाया गया विशाल पंडाल धराशायी हो गया तथा आयोजन की अन्य अस्थायी व्यवस्थाओं को भी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा पंडाल जमीन पर बिखर गया। बारिश और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर स्वयं को सुरक्षित किया। घटना के बाद आयोजन समिति, ग्रामवासियों और स्वयंसेवकों ने तत्काल स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा का कार्यक्रम निर्धारित तिथि तक जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विचार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पुनः व्यवस्थाएं खड़ी करने का संकल्प व्यक्त किया है।

आंधी-तूफान से पंडाल, तिरपाल, मंच और अन्य सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा गंभीर रूप से घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। आगे कोई नई जानकारी प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri