Skip to content

रायगढ़ में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: मामूली विवाद में दोस्त ने ही ली युवक की जान, कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी सफलता

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए महज कुछ दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 15 मई 2026 को सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक के ही दोस्त को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तिलक वर्मा के रूप में हुई थी। युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया।

जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक तिलक वर्मा और उसका मित्र अमन कुमार बसोड़ (21 वर्ष), निवासी भगवानपुर, टावर मैदान क्षेत्र में साथ थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ते-बढ़ते इतना उग्र हो गया कि आरोपी अमन ने तिलक पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले ईंट से वार किया और बाद में हाथ में पहने लोहे के कड़े से लगातार हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण तिलक वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए लगातार दबिश दी और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ईंट, लोहे का कड़ा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

कोतरारोड़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि शुरुआती दौर में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर के रूप में सामने आया था। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के चलते कुछ ही दिनों में पूरे मामले का खुलासा कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने मामले में सख्त संदेश देते हुए कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून से बचने की कोई गुंजाइश नहीं है और रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई करती रहेगी।

घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। वहीं इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली विवाद किस तरह हिंसक रूप लेकर जानलेवा बनते जा रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri