Skip to content

रायगढ़ में 21 मई को होगी पीपीएचटी प्रवेश परीक्षा, 584 अभ्यर्थी होंगे शामिल; सुरक्षा और ड्रेस कोड को लेकर प्रशासन सख्त

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित प्री-फार्मेसी टेस्ट (पीपीएचटी) प्रवेश परीक्षा 21 मई को रायगढ़ जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 584 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष एवं एक महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह 9:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने ड्रेस कोड भी जारी किया है, जिसके तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने को कहा गया है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून और चॉकलेटी रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा में केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, टोपी समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी और मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो पासपोर्ट साइज फोटो अतिरिक्त रूप से साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा के दौरान केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन के उपयोग की अनुमति रहेगी। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कलेक्टर द्वारा ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं। सभी ऑब्जर्वरों को परीक्षा दिवस पर सुबह 7:30 बजे जिला कोषालय पहुंचकर गोपनीय सामग्री प्राप्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri