Skip to content

कांग्रेस प्रवक्ता अनादी शुक्ला का सरकार पर हमला-गैस सिलेंडर की महंगाई ने आम आदमी की थाली छोटी कर दी

रायपुर-बिलासपुर में खाने-पीने की चीजों के बढ़े दाम, जनता परेशान

बिलासपुर । देशभर में लगातार बढ़ रही गैस सिलेंडर की कीमतों का असर अब छत्तीसगढ़ के बड़े शहरों रायपुर और बिलासपुर में भी साफ दिखाई देने लगा है। घरेलू और व्यावसायिक LPG सिलेंडर महंगे होने से होटल, ढाबे, चाय-नाश्ता केंद्र, मिठाई दुकान और छोटे भोजन व्यवसायियों ने खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब और रसोई दोनों पर पड़ रहा है।

रायपुर में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत लगभग ₹984 तक पहुंच गई है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹2300 से अधिक दर्ज की गई है। वहीं बिलासपुर में घरेलू सिलेंडर ₹957 और कमर्शियल सिलेंडर ₹2186 से ऊपर पहुंच चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती व्यावसायिक गैस कीमतों ने छोटे व्यापारियों की लागत को काफी बढ़ा दिया है।

रायपुर के कई होटल संचालकों और चाय दुकानदारों का कहना है कि गैस के साथ-साथ तेल, मसाले और सब्जियों की कीमतें भी बढ़ी हैं, जिसके कारण मजबूरी में उन्हें चाय, नाश्ता, समोसा, भोजन और थाली के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। शहर के कई इलाकों में चाय ₹10 से बढ़कर ₹15-20 और भोजन की थालियों में ₹60 से ₹80-100तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।

बिलासपुर में भी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं कि गैस संकट और महंगाई के कारण कई छोटे ढाबों और भोजनालयों को संचालन में कठिनाई हो रही है। कुछ दुकानदारों ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इंडक्शन और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

देश के अन्य हिस्सों में भी गैस महंगाई का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। कोल्हापुर, बेलगावी और हैदराबाद जैसे शहरों में होटल व्यवसायियों ने खाद्य पदार्थों की कीमतों में 7 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की पुष्टि की है। कई व्यापारिक संगठनों ने सरकार से गैस कीमतों में राहत देने की मांग भी उठाई है।

इसी बीच कांग्रेस प्रवक्ता अनादी शुक्ला ने इस पूरे मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में खाने-पीने की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, लेकिन सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से होटल, ढाबे, चाय दुकानदार और छोटे व्यापारी सीधे प्रभावित हुए हैं, जिसका बोझ अब आम जनता पर डाला जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार केवल आंकड़ों और घोषणाओं में व्यस्त है, जबकि आम आदमी की थाली लगातार छोटी होती जा रही है।

अनादी शुक्ला ने यह भी कहा कि रायपुर और बिलासपुर में मध्यम वर्ग, मजदूर और छात्र सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देने तथा महंगाई नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

विशेषज्ञों के अनुसार भारत की बड़ी LPG जरूरतें आयात पर निर्भर हैं और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन महंगा हुआ है। लेकिन इसका सबसे बड़ा बोझ आम जनता, मजदूर वर्ग, छात्रों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि जिस गति से महंगाई बढ़ रही है, उस हिसाब से आमदनी नहीं बढ़ रही। ऐसे में बाहर खाना और रोजमर्रा का जीवन दोनों लगातार महंगे होते जा रहे हैं। यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले समय में खाद्य महंगाई और बढ़ सकती है, जिससे रायपुर और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ेंगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri