Skip to content

ऑपरेशन तलाश बना उम्मीद की किरण: रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल में 251 गुम लोगों को परिजनों से मिलाया

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन तलाश” अभियान अप्रैल माह में मानवीय संवेदनाओं और पुलिस की सक्रिय कार्यशैली का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है। अभियान के तहत जिलेभर में गुम हुए कुल 251 लोगों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया। इनमें 36 नाबालिग बच्चे एवं 215 बालिग युवक-युवतियां शामिल हैं। पुलिस की इस सफलता ने कई परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है, जो अपने परिजनों की तलाश में लंबे समय से परेशान थे।

रायगढ़ पुलिस ने इस अभियान को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि दूसरे जिलों और राज्यों तक जाकर गुम लोगों की तलाश की। पुलिस टीमों ने लगातार तकनीकी निगरानी, मुखबिर सूचना और मैदानी जांच के माध्यम से कई जटिल मामलों को सुलझाया। अभियान के दौरान दिल्ली, पंजाब के जालंधर, अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर जैसे क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने दबिश देकर गुम लोगों को सुरक्षित बरामद किया।

विशेष रूप से नाबालिग बच्चों से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने या उनके साथ शोषण की पुष्टि हुई, वहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की। जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली थाना पुलिस ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल बच्चों को सकुशल वापस लाया, बल्कि आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।

अभियान के संचालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर ने अभियान की सतत मॉनिटरिंग की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर लगातार पतासाजी की गई, जिसके कारण कम समय में बड़ी संख्या में गुम इंसानों को खोजने में सफलता मिली।

थाना स्तर पर भी पुलिस की सक्रियता उल्लेखनीय रही। लैलूंगा थाना ने सर्वाधिक 42 गुम लोगों को खोज निकाला। इसके बाद चक्रधरनगर थाना ने 29, जूटमिल ने 27, पूंजीपथरा ने 24 तथा कोतवाली एवं पुसौर थाना ने 23-23 लोगों को दस्तयाब किया। वहीं भूपदेवपुर थाना का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा, जहां दर्ज सभी नाबालिग मामलों में सफलता प्राप्त की गई।

कई मामलों में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर लिया। कोतवाली थाना पुलिस ने एक 13 वर्षीय बालिका को डभरा क्षेत्र से खोज निकाला, जबकि जूटमिल थाना पुलिस पंजाब तक पहुंचकर नाबालिग बालिका को सुरक्षित वापस लाने में सफल रही। इन कार्रवाइयों ने रायगढ़ पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता को उजागर किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुम नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों, मित्र मंडली और सोशल मीडिया संपर्कों पर सतत निगरानी रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से समय रहते बचाव किया जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri