Skip to content

घरघोड़ा के आयुष श्याम ने राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जीते दो कांस्य पदक

रायगढ़ । घरघोड़ा के 17 वर्षीय युवा स्केटर आयुष श्याम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। मोहाली-चंडीगढ़ में आयोजित थर्ड इंडिया स्केट गेम्स 2026 में आयुष ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्होंने इनलाइन अल्पाइन और इनलाइन डाउनहिल स्पीड स्केटिंग जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में यह उपलब्धि हासिल की।  

आयुष की यह सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने एशियन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2027 के सिलेक्शन ट्रायल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। छत्तीसगढ़ जैसे राज्य से इन कठिन और तकनीकी स्केटिंग इवेंट्स में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों और सीमित संसाधनों से निकलने वाले खिलाड़ी भी अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

आयुष श्याम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच निमिष शर्मा और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास, अनुशासन और परिवार के विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

स्थानीय खेल प्रेमियों और नागरिकों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है। लोगों का मानना है कि आयुष की इस उपलब्धि से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और स्केटिंग जैसे खेलों को प्रदेश में नई पहचान प्राप्त होगी। आज जब युवा पीढ़ी खेलों में नई संभावनाएं तलाश रही है, ऐसे में आयुष श्याम जैसे खिलाड़ी यह संदेश दे रहे हैं कि प्रतिभा और मेहनत के सामने संसाधनों की कमी भी छोटी पड़ जाती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri