Skip to content

ऑपरेशन शंखनाद का असर: कुख्यात गौवंश तस्कर रब्बुल खान ने किया सरेंडर, पुलिस ने भेजा रिमांड पर

रायगढ़ । रायगढ़ जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छत्तीसगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबाव के चलते लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात गौवंश तस्कर रब्बुल खान आखिरकार सरेंडर करने पर मजबूर हो गया। सरेंडर के बाद लैलूंगा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह पूरी कार्रवाई रायगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसमें गौ तस्करी जैसे संगठित अपराधों पर निर्णायक प्रहार किया जा रहा है। एसएसपी का स्पष्ट संदेश है कि इस अभियान के तहत अपराधियों के पास अब केवल दो विकल्प हैं या तो सरेंडर करें या फिर कानून की गिरफ्त में आएं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रब्बुल खान (39) निवासी करवाजोर, लैलूंगा, लंबे समय से गौवंश तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में एक और 2026 में दो मामले दर्ज हैं। फरवरी 2026 में लैलूंगा पुलिस ने उसके गिरोह के एक अन्य सदस्य देवानंद यादव को 16 गौवंश के साथ गिरफ्तार किया था, जिन्हें ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। उसी दौरान पूछताछ में रब्बुल खान की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

लगातार पुलिस दबाव, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और सघन पतासाजी के चलते आरोपी के छिपने के सभी रास्ते बंद हो गए। अंततः “ऑपरेशन शंखनाद” के प्रभाव में आकर उसने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं छत्तीसगढ़ कृषि परिरक्षण अधिनियम 1960 की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरे घटनाक्रम की एक महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने गौ तस्करी जैसे अपराध से तौबा करने और समाज की मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई। पुलिस इसे इस अभियान की बड़ी नैतिक सफलता मान रही है, जहां केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में सुधार और बदलाव का दबाव भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

“ऑपरेशन शंखनाद” अब केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि अपराध के खिलाफ एक सशक्त संदेश बन चुका है जिसमें कानून का डर और सुधार का अवसर, दोनों साथ-साथ चल रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri