Skip to content

रायगढ़ में एटीएम चोरी की बड़ी साजिश नाकाम पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

रायगढ़, 28 अप्रैल । थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई ने एक बड़ी आर्थिक अपराध की घटना को होने से पहले ही रोक दिया। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान मिली एक महत्वपूर्ण सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस के पहुंचते ही आरोपी गैस कटर से एटीएम मशीन को तोड़कर लाखों रुपये चोरी करने का प्रयास कर रहा था। मौके पर ही उसे पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष), निवासी पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायगढ़ के गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 316, 331(4) और 62 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस सफल कार्रवाई पर शशि मोहन सिंह (एसएसपी, रायगढ़) ने थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को उनके साहस और सूझबूझ के लिए नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सजग पुलिसिंग और त्वरित प्रतिक्रिया से गंभीर अपराधों को समय रहते रोका जा सकता है।

एसएसपी श्री सिंह ने कहा, सतर्क पुलिसिंग के कारण एक बड़ी वारदात टल गई। रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri