Skip to content

कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी का सिर धड़ से अलग किया, कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल पत्नी का गला चाकू से काटकर सिर धड़ से अलग किया, बल्कि उसके बाद कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस अमानवीय घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव (45) ग्राम बुंदेली का निवासी है और गांव के एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था। वह अपनी पत्नी छेक बाई (42) और चार बच्चों के साथ वहीं रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था, जो आए दिन झगड़े का कारण बनता था।

घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों ने शराब का सेवन भी किया हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सालिक राम ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया और उसका गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया। इस पूरी घटना के दौरान उनके दो छोटे बच्चे भी घर पर मौजूद थे, जिससे घटना की भयावहता और बढ़ जाती है।

हत्या के बाद आरोपी का व्यवहार और भी चौंकाने वाला था। वह पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा। बाद में उसने सिर को एक बोरी में रखा और वहीं बैठ गया। गांव के लोगों ने यह नजारा देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और रजगामार पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने जब आरोपी से उसके खून से सने कपड़ों के बारे में पूछा, तो उसने बेहद ठंडे स्वर में कहा-“यह मेरी पत्नी का खून है, जिससे मैं बहुत प्यार करता था। मैंने ही उसका सिर काटा है।” आरोपी ने यह भी बताया कि वह पत्नी का सिर लेकर बालको थाने आत्मसमर्पण करने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस जघन्य हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका और पारिवारिक विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena