Skip to content

बिलासपुर में 106 बटुकों का भव्य उपनयन संस्कार, वैदिक परंपरा का अद्भुत संगम

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सनातन परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिली, जहां 106 बटुकों का सामूहिक उपनयन (यज्ञोपवीत) संस्कार अत्यंत श्रद्धा, वैदिक विधि-विधान और उत्साह के साथ सम्पन्न कराया गया। इस विराट आयोजन का संचालन आचार्य पंडित कृष्ण दत्त शास्त्री के सान्निध्य में श्री खाटू श्याम मंदिर एवं श्री राम घोंघा बाबा मंदिर परिसर में हुआ, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बटुकों को ब्रह्मचर्य आश्रम में प्रवेश कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम एवं हनुमान के पूजन से हुआ। परशुराम ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष डॉ. गायत्री प्रसाद पाण्डेय, समाज की संरक्षिका राजश्री मिश्रा, रेखा पाण्डेय एवं महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान तेजस्व पाण्डेय द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाया गया, जिसके बाद उपनयन संस्कार की विधियां प्रारंभ हुईं।

संस्कार की प्रक्रिया में सर्वप्रथम मंडप, कलश एवं गौरी-गणेश पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात बटुकों को माटी, तेल-हल्दी, चिकट, मुंडन जैसे पारंपरिक संस्कारों से संस्कारित कर मुंज का जनेऊ धारण कराया गया। आगे दंड धारण, हवन और माताओं से भिक्षा मांगने की परंपरा निभाई गई, जो इस संस्कार का अत्यंत भावनात्मक और आध्यात्मिक पक्ष माना जाता है। इसके बाद सभी बटुकों ने शिक्षा एवं वेदाध्ययन के पथ पर अग्रसर होने का संकल्प लिया।

आयोजन के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें सभी बटुक बाजे-गाजे के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरददेव लाल मंदिर तक पहुंचे। वहां पूजन-अर्चना के पश्चात सभी पुनः मंदिर परिसर लौटे, जहां माताओं ने अपने बटुकों का परक्षण (आरती व आशीर्वाद) किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ओम प्रकाश पाण्डेय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर समाज के अनेक विद्वान, गणमान्यजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पंडित उमेश गौरहा, पंडित केशव तिवारी, पंडित ओम प्रकाश पांडे, पंडित सुनील द्विवेदी, पंडित अजीत मिश्रा, पंडित शुभम तिवारी, पंडित निर्मल झा, यश पांडे, के.एल. शुक्ला, आई.एस. तिवारी, शोभा मिश्रा, उमा त्रिपाठी, श्वेता अवस्थी, सुशीला तिवारी, विभा पांडे, प्रतिभा तिवारी, शशी दुबे, सुलेखा शर्मा, प्रतिभा शर्मा, प्रेमलता तिवारी,पिंकी तिवारी, सीमा राजेश शुक्ला, सरिता पांडे, शोभा त्रिपाठी, पुष्पा दुबे, अन्नू अवस्थी, पार्षद ममता अमित मिश्रा, अंजलि संतोष दुबे, जुगल सिंह ठाकुर एवं देवेंद्र साहू सहित अनेक समाजजनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाया।

यह सामूहिक उपनयन संस्कार न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला रहा, बल्कि नई पीढ़ी को वेद, अनुशासन और सनातन जीवन-पद्धति से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि आज भी समाज में वैदिक परंपराओं के प्रति गहरी आस्था और सम्मान विद्यमान है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena