Skip to content

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ह्यूमन ट्रैफिकिंग गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग को डेढ़ लाख में बेचकर कराई जबरन शादी

रायगढ़, 15 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने मानव तस्करी के एक गंभीर और सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। साथ ही छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश तक फैले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार दलालों और एक खरीदार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को छतरपुर से दबोचा गया है।

काम दिलाने का झांसा, फिर सौदेबाजी का शिकार

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 11 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पारिवारिक कारणों से घर छोड़ने के दौरान उसकी परिचित लड़की ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर रायगढ़ बुलाया। यहां पहले से सक्रिय गिरोह के सदस्य बिंदिया रात्रे, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची सहित अन्य ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और अगले ही दिन उसे मध्यप्रदेश के सागर ले जाया गया।

डेढ़ लाख में सौदा, जबरन शादी और दुष्कर्म

जांच में सामने आया कि गिरोह ने नाबालिग का सौदा कर उसे सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को करीब डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। सागर जिले में मंदिर में जबरन शादी कराई गई, जिसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह मौका पाकर पीड़िता वहां से भाग निकली और रायगढ़ लौट आई, लेकिन डर के कारण घर नहीं गई।

देह व्यापार में धकेला, फिर खुला पूरा नेटवर्क

रायगढ़ लौटने के बाद भी पीड़िता को गिरोह ने अपने कब्जे में लेकर देह व्यापार में धकेल दिया और उससे अवैध कमाई करने लगे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और नगदी व मोबाइल फोन जब्त किए।

सख्त धाराओं में मामला दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में पहले ही देह व्यापार के खिलाफ सख्त चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद इस तरह का संगठित अपराध सामने आना बेहद गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena