Skip to content

वेदांता थर्मल प्लांट में भीषण ब्लास्ट: 20 से अधिक मजदूरों की मौत, क्षेत्र में शोक और आक्रोश

सक्ति । जिला सक्ती: वेदांता के थर्मल पावर प्लांट, सिंघी तराई में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागते नजर आए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस भयावह हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें खरसिया स्थित पद्मावती अस्पताल और रायगढ़ का जिंदल फोर्टिस अस्पताल प्रमुख हैं। दुखद पहलू यह है कि अब तक 20 से अधिक मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट के समय बड़ी संख्या में श्रमिक प्लांट में कार्यरत थे। अचानक हुए विस्फोट में कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए। कई घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिजनों में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग कंपनी गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन हादसे की वास्तविक जानकारी छिपा रहा है और अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितने लोग लापता या गंभीर रूप से झुलसे हैं।

इस बीच चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के साथ खड़े नजर आए। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर सक्रिय हैं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना प्रभावी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri