Skip to content

गुड़ाखू फैक्ट्री के जहरीले धुएं से त्रस्त हुआ खरसिया का इलाका, रहवासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार

खरसिया। डभरा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 15/16 के रहवासी इन दिनों एक गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में संचालित एक गुड़ाखू फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले तंबाकू और केमिकलयुक्त धुएं ने पूरे इलाके को प्रदूषित कर दिया है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) खरसिया को ज्ञापन सौंपते हुए फैक्ट्री को तत्काल बंद कराने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि फैक्ट्री में तंबाकू को चक्की से पीसने की प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक मात्रा में धूल और जहरीले कण हवा में फैलते हैं, जो सीधे उनके घरों तक पहुंचते हैं।

स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव, बच्चे भी चपेट में

पीड़ितों के अनुसार, इस प्रदूषण के कारण क्षेत्र में सांस संबंधी बीमारियों में तेजी से वृद्धि हुई है। छोटे-छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं और कई परिवार लंबे समय से बीमारियों से जूझ रहे हैं। कुछ मामलों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मौत होने की भी बात सामने आई है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त है।

रिहायशी क्षेत्र में फैक्ट्री संचालन पर उठे सवाल

सबसे गंभीर बात यह है कि यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके के बीचों-बीच संचालित हो रही है। सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसे खतरनाक कार्य को आवासीय क्षेत्र में अनुमति कैसे दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध रूप से वर्षों से संचालित हो रही है और प्रशासन की अनदेखी के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

रहवासियों ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से मांग की है कि इस अवैध तंबाकू फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों को इस जहरीले वातावरण से राहत मिल सके।

सिर्फ आश्वासन, समाधान नहीं

मोहल्लेवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार फैक्ट्री प्रबंधन से भी शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने प्रशासन से सख्त हस्तक्षेप की उम्मीद जताई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri