Skip to content

लैलूंगा में जनसमस्या निवारण शिविर: मौके पर समाधान, योजनाओं का मिला सीधा लाभ

लैलूँगा । रायगढ़ जिले के लैलूंगा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्रशासन ने आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, जहां उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभागीय स्टॉलों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली और मौके पर ही कई लंबित मामलों का निराकरण किया गया, जिससे आमजन में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।

हरी खाद और ‘जवा फूल’ बना आकर्षण का केंद्र

शिविर का प्रमुख आकर्षण “यूरिया-डीएपी छोड़बो, हरी खाद बोवाई करबो” अभियान के अंतर्गत हरी खाद की प्रदर्शनी और केलो जैविक ‘जवा फूल’ का प्रदर्शन रहा। किसानों और ग्रामीणों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई और जैविक खेती के प्रति जागरूकता प्राप्त की। यह पहल खेती को रसायनमुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई।

योजनाओं का मौके पर वितरण

विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धा एवं विधवा पेंशन स्वीकृत की, जनपद पंचायत द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए और किसानों को केसीसी के तहत आर्थिक सहायता दी गई। शिक्षा विभाग ने दिव्यांग विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान की, वहीं कृषि, उद्यानिकी और मत्स्य विभाग ने भी आवश्यक संसाधन वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को मकान की चाबी और स्वीकृति पत्र सौंपे गए, जिससे लोगों के चेहरों पर संतोष स्पष्ट दिखाई दिया।

राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण

राजस्व विभाग ने नामांतरण, बंटवारा जैसे लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया, वहीं महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी और नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी भी दी गई। शिविर में पीएम आवास, स्वास्थ्य, विद्युत, आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीयन, लर्निंग लाइसेंस सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को बिना भटकाव के सुविधाएं मिलीं।

आगे भी जारी रहेंगे शिविर

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिविर को आमजन के लिए उपयोगी पहल बताते हुए इसे प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बताया। जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं और आगामी शिविर 04 अप्रैल को घरघोड़ा तथा 09 अप्रैल को खरसिया में लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena