Skip to content

रायपुर में बड़ा बदलाव: कोतवाली चौक बनेगा ‘जैन स्तंभ चौक’

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम ने शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नया स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रमुख और ऐतिहासिक कोतवाली चौक का नाम बदलकर ‘जैन स्तंभ चौक’ करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे अंतिम स्वीकृति के लिए सामान्य सभा में रखा जाएगा।

करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराने इस चौक का इतिहास अंग्रेजी शासनकाल से जुड़ा है, जब यहां कचहरी और बंदीगृह संचालित होते थे। बाद में यह स्थान पुलिस थाना बना और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी कई महत्वपूर्ण घटनाओं का साक्षी रहा, जिससे इसकी ऐतिहासिक महत्ता और बढ़ जाती है।

वर्तमान में इस चौक पर जैन समाज द्वारा स्थापित स्तंभ मौजूद है, जिसके कारण लंबे समय से इसका नाम ‘जैन स्तंभ चौक’ करने की मांग उठती रही है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय शहर की सामाजिक संरचना और वर्तमान पहचान को ध्यान में रखते हुए लिया जा रहा है।

इसके साथ ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर शहीदों और सैन्य वीरों की प्रतिमाएं स्थापित करने की भी योजना है। लाखे नगर में आकाश राव गिरिपूंजे , साइंस कॉलेज गार्डन में मेजर यशवंत गोविंद गोरे , शंकर नगर में मेजर सत्याप्रदीप दत्ता तथा आयुर्वेदिक कॉलेज गेट पर वीर संवारकर की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।

सिर्फ चौक ही नहीं, बल्कि शहर की सड़कों के नाम भी बदले जाएंगे, जिनमें देवेंद्र नगर से पंडरी तक का मार्ग ‘अयोध्या प्रसाद जैन मार्ग’ और मारुति मंगलम से दही हांडी मैदान तक का मार्ग ‘महेश पथ’ होगा। नगर निगम की यह पहल रायपुर को नई सांस्कृतिक पहचान देने और इतिहास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena