Skip to content

रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू

रायगढ़। रामनवमी पर्व के अवसर पर 27 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय में भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान शहर में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा जारी रूट चार्ट के अनुसार शोभायात्रा नटवर स्कूल प्रांगण से प्रारंभ होकर गांधी प्रतिमा तिराहा, एमजी रोड, रामनिवास टाकिज चौक, सिल्वर पैलेस तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चौक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा, चांदनी चौक, गांजा चौक, हटरी चौक, सिटी कोतवाली, हंडी चौक, घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान में समाप्त होगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में तीन प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें पुराना पुलिस लाइन, मिनी माता चौक और मरीन ड्राइव पंप हाउस तक का क्षेत्र शामिल है। वहीं, चार पहिया वाहनों के लिए गांधी प्रतिमा, गोगाराईस मिल, हंडी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और झाराशिल्प क्षेत्रों में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

ट्रैफिक डायवर्जन के लिए केवड़ाबाड़ी चौक, शहीद चौक, गोगाराईस मिल और सत्तीगुढी चौक को प्रमुख बिंदु बनाया गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। किरोड़ीमल चौक की ओर से आने वाले वाहन केवड़ाबाड़ी चौक से मधुबनपारा, सर्किट हाउस और मरीन ड्राइव होते हुए नया शनिमंदिर व डिसेंट टेलर तिराहा मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसी प्रकार जूटमिल की ओर से आने वाले वाहन डिसेंट टेलर तिराहा से नया शनिमंदिर, मरीन ड्राइव, सर्किट हाउस, रामपुर तिराहा और मधुबनपारा मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और निर्देशों का पालन करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena