Skip to content

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दर्दनाक हादसा: दो लोगों की मौत, क्षेत्र में सनसनी

जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रायपुर से जगदलपुर आ रही एक फॉलो वाहन ने बस्तर के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक सड़क पर गिरने के बाद सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कमलेश और रामप्रसाद के रूप में हुई है। दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार फॉलो वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने फॉलो वाहन (बोलेरो) के चालक को घेर लिया। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार संभवतः गलत दिशा में आ गए थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि फॉलो वाहन महेश गागड़ा से जुड़ी हुई थी, जो रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रहे थे।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे बस्तर पहुंच चुके हैं। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena