Skip to content

मेकाहारा से कैदी फरार: पुलिस की निगरानी में बड़ी चूक, हथकड़ी समेत हुआ गायब

रायपुर। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इलाज के लिए अस्पताल लाया गया एक कैदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना मेकाहारा हॉस्पिटल में हुई, जहां कैदी को उपचार के लिए लाया गया था।

फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती के रूप में हुई है, जो हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा था। वह पिछले तीन वर्षों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था और मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कैदी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिस जवानों की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि वह हथकड़ी पहने हुए ही भागने में सफल रहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौदहा पारा थाना पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर जेल से अस्पताल लाए जाने वाले कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्पष्ट है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में सुधार की आवश्यकता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena