Skip to content

कोरबा में शादी की खुशियां मातम में बदली: दुल्हन को ले जा रही कार पलटी, बच्ची की मौत; 10 घायल

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रही एक चारपहिया वाहन डबरीपारा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग घायल हो गए।

11 लोग थे सवार, महिलाएं और बच्चे अधिक

जानकारी के अनुसार, यह वाहन ग्राम कसरेंगा से दुल्हन को लेकर कोरबा के दादर खुर्द गांव की ओर जा रहा था। गाड़ी में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। देर रात अचानक वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा गया

हादसे की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को निकालकर बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे हादसे के कारणों पर संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। दर्री सीएसपी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

किराए का वाहन था, जांच जारी

बताया जा रहा है कि यह वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव का था, जिसे शादी के लिए किराए पर लिया गया था। पुलिस अब वाहन की स्थिति, चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

खुशियों के बीच छाया मातम

एक ओर जहां परिवार में नई दुल्हन के आगमन की खुशियां थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे माहौल को शोक में बदल दिया। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की अहमियत को उजागर करती है।

तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग एक पल में जिंदगी बदल सकती है। प्रशासन और लोगों-दोनों को मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर होना होगा, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri