Skip to content

धरमजयगढ़ में पंडो समाज पर बिजली बिल का बोझ: हजारों के बिल से परेशान 35 परिवार, एसडीएम से लगाई गुहार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के लोग इन दिनों बिजली के भारी भरकम बिलों से परेशान हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे इन परिवारों को अचानक हजारों रुपए के बिजली बिल थमा दिए गए हैं, जिससे उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को पीड़ित ग्रामीण बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

अचानक आए भारी बिल से बढ़ी परेशानी:

ग्राम पंचायत पुटुकछार के आश्रित ग्राम धौराभांठा में पंडो समुदाय के लगभग 35 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उन्हें बिजली का कोई बिल नहीं मिला, जिससे उन्हें यह लगा कि वे किसी सरकारी योजना के तहत निशुल्क बिजली का लाभ ले रहे हैं। लेकिन इस वर्ष अचानक विभाग द्वारा 11 हजार से लेकर 16 हजार रुपए तक के बिल भेज दिए गए, जिससे गरीब परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

राशि चुकाना मुश्किल, मांगी राहत:

रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे इन परिवारों के लिए इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना लगभग असंभव है। ग्रामीणों ने एसडीएम को आवेदन सौंपकर बिजली बिल में 70 से 80 प्रतिशत तक की छूट देने की मांग की है। पंडो समाज के प्रतिनिधि राजकुमार पंडो ने बताया कि जिन परिवारों को अभी तक बिल नहीं मिला है, वे भी भविष्य को लेकर भयभीत हैं।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री तक पहुंचाई बात:

ग्रामीणों ने अपनी मांग को गंभीरता से लेते हुए इसकी प्रतिलिपि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को भी डाक के माध्यम से भेजी है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि इन जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल पाती है या नहीं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri