Skip to content

रायपुर में दर्दनाक हादसा: सीवरेज टैंक में उतरे 3 सफाईकर्मियों की मौत, अस्पताल परिसर में हंगामा और पथराव

रायपुर: राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल परिसर में मंगलवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। सीवरेज टैंक (गटर) की सफाई करने उतरे चार सफाईकर्मियों में से तीन की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है। यह पूरी घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

जहरीली गैस बनी मौत की वजह:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफाई के दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से सभी कर्मचारी एक-एक कर बेहोश हो गए। दम घुटने के कारण तीन सफाईकर्मियों अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार-की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने आधिकारिक तौर पर केवल दो मौतों की पुष्टि की है, जिससे स्थिति और अधिक विवादित हो गई है।

अस्पताल के बाहर बवाल, पथराव:

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। जब परिजनों को अंदर जाने से रोका गया, तो उनका आक्रोश भड़क उठा। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी झूमाझटकी भी हुई। अस्पताल के बाहर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू:

बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गंभीर रूप से घायल कर्मचारी का इलाज अस्पताल में जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri