Skip to content

सिंगरौली के अडाणी पावर प्लांट में अफवाह से भड़का बवाल, मजदूर की हार्ट अटैक से मौत के बाद तोड़फोड़-आगजनी

सिंगरौली। अदानी पॉवर के पावर प्लांट में शनिवार को उस समय भारी हंगामा मच गया जब एक मजदूर की मौत को लेकर फैली अफवाह ने मजदूरों को उग्र कर दिया। प्लांट में काम करने वाले झारखंड निवासी मजदूर लल्लन सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई थी, लेकिन यह अफवाह फैल गई कि उसकी मौत काम के दौरान दुर्घटना में हुई है और कंपनी प्रबंधन मामले को छिपा रहा है। इसी आशंका में मजदूर भड़क गए और प्लांट परिसर में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए मजदूरों ने 10 से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की, करीब 25 एयर कंडीशनर तोड़ दिए और कार्यालय परिसर में आग लगा दी। करीब पांच घंटे तक प्लांट परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मौके पर एसडीएम नंदन तिवारी, तहसीलदार, एडिशनल एसपी समेत 200 से अधिक पुलिसकर्मी पहुंचे, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।

मामले की शुरुआत शुक्रवार रात हुई जब झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला मजदूर लल्लन सिंह अपने कमरे में अचानक बीमार पड़ गया। उसके साथ रहने वाले सहकर्मी कमलेश के मुताबिक रात करीब 11 बजे लल्लन ने गले में कुछ फंसने और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। कुछ ही देर में वह जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर कंपनी की एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव ट्रॉमा सेंटर में रखवा दिया गया।

शनिवार सुबह पहली शिफ्ट शुरू होते ही प्लांट परिसर में अफवाह फैल गई कि लल्लन सिंह की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई है और कंपनी प्रबंधन ने मामला दबाने के लिए शव छिपा दिया है। इस अफवाह के बाद मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ व आगजनी शुरू कर दी। बाद में प्रशासन की मौजूदगी में कराए गए शॉर्ट पोस्टमॉर्टम में स्पष्ट हुआ कि मौत हार्ट अटैक से हुई थी।

पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है और फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, हंगामे के बाद प्लांट से मजदूरों का पलायन भी शुरू हो गया है और करीब 400 मजदूर अपना सामान लेकर अपने घरों को लौट गए हैं। प्रशासन ने बताया कि घटना कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई है, जिससे पुराने प्लांट का उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ, हालांकि नए प्लांट का निर्माण कार्य फिलहाल रुक गया है। फिलहाल प्लांट में स्थिति सामान्य है और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri