Skip to content

दुर्ग में सनसनी: किराए के मकान में बाप-बेटे की संदिग्ध मौत, बिस्तर पर मिले दोनों के शव

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आपापुरा इलाके में किराए के मकान में रहने वाले बाप-बेटे के शव कमरे में बिस्तर पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। शुरुआती जांच में दोनों के जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को हुआ शक

जानकारी के अनुसार आपापुरा इलाके में किराए के मकान में रहने वाले अरुण टंडिया और उनके बेटे पंकज टंडिया शनिवार सुबह कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाए गए। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो बिस्तर पर पड़े थे दोनों

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर पुलिस और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। पिता और पुत्र दोनों बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। पुलिस ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घर से मिली जहर की शीशी

मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम से जहर की एक शीशी भी बरामद हुई है। इसी आधार पर पुलिस यह आशंका जता रही है कि दोनों ने जहर का सेवन कर आत्महत्या की है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

आर्थिक तंगी और बीमारी से थे परेशान

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक पंकज टंडिया मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था, जिससे वह अक्सर परेशान रहता था। वहीं उसके पिता अरुण टंडिया बुजुर्ग थे और घर पर ही रहते थे। पुलिस का मानना है कि आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है।

छह महीने पहले हुई थी मां की मौत

परिवार के बारे में मिली जानकारी के अनुसार पंकज की मां का निधन करीब छह महीने पहले हो गया था। इसके बाद घर में केवल पिता और पुत्र ही रह गए थे। पंकज की बहन की शादी पहले ही हो चुकी है और वह अलग रहती है। मां की मौत के बाद दोनों पिता-पुत्र अकेले ही जिंदगी गुजार रहे थे।

टिफिन सेंटर से लाता था खाना

पड़ोसियों के मुताबिक घर में खाना बनाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। पंकज रोजाना टिफिन सेंटर से खाना लेकर आता था और अपने पिता के साथ घर में ही खाता था। शुक्रवार शाम को भी उसे टिफिन लेकर घर लौटते हुए देखा गया था।

बताया जा रहा है कि दोनों ने रात में खाना खाया और उसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद सुबह तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या की आशंका है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा इस घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena