Skip to content

रायगढ़ में मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, 14 लाख के 16 आईफोन शत-प्रतिशत बरामद

कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता

रायगढ़। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए 14 लाख रुपये कीमत के 16 नग आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

9 मार्च की रात हुई थी चोरी की वारदात

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 9 मार्च 2026 की रात चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक, निवासी लक्ष्मीपुर ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगली सुबह लगभग 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए, तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त पाए गए।

दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा चोर

जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर घुसा था। इसके बाद वह ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान में पहुंचा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी गए मोबाइल का उपयोग किया जा रहा है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर पुलिस टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई।

चलती ट्रेन में आरोपी को दबोचा

रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से रायगढ़ की ओर जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने चलती ट्रेन में ही घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

19 वर्षीय आकाश चौहान निकला मुख्य आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि जनवरी 2026 में उसने अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

सीढ़ी के सहारे दुकान में घुसकर की वारदात

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में बैठकर रायगढ़ आया था। दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे वह ऊपर चढ़ा और दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में प्रवेश किया।

इसके बाद शोकेस में रखे 16 नग आईफोन को काले रंग के बैग में भर लिया और काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।

साथी के कब्जे से भी बरामद हुआ आईफोन

पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के कब्जे से चोरी के 15 नग आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा, उम्र 21 वर्ष, निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के पास से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी के मामले में आरोपी को अलग से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, दिनेश मिंज सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena