Skip to content

रायगढ़ में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक: 25 मार्च तक बूथ, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन के निर्देश

रायगढ़, 13 मार्च। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण द्वारा जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर की कमेटियों के गठन तथा बीएलए की नियुक्ति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में रायगढ़ जिला कांग्रेस ग्रामीण के लिए बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बैठक में शामिल होने रायगढ़ पहुंचे प्रभारी चंद्रदेव राय का कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए चंद्रदेव राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बनती है। उन्होंने सभी ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि 25 मार्च तक अनिवार्य रूप से बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर की कमेटियों का गठन कर संबंधित प्रपत्र जिला कांग्रेस कमेटी में जमा करें, ताकि संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जा सके।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका जरूरी है। उन्होंने सभी ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कमेटियों का गठन करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक और जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सत्यदेव गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने किया, जबकि अंत में महामंत्री योगेंद्र यादव ने आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, कोषाध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri