Skip to content

“प्रदेश को नशे का कटोरा नहीं बनने देंगे”-अफीम की खेती के विरोध में रायगढ़ में कांग्रेस का भाजपा दफ्तर घेराव

रायगढ़, 12 मार्च।छत्तीसगढ़ में कथित सूखा नशा और अफीम की खेती को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को रायगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

दोपहर करीब 1 बजे कांग्रेस कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर कूच करते हुए निकले। इस दौरान कार्यकर्ता “अफीम की खेती बंद करो”, “प्रदेश को नशे का कटोरा नहीं बनने देंगे” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई जगहों पर सूखा नशा और अफीम की खेती के मामले सामने आ रहे हैं और यह सब भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकली थी।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जुलूस को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं खड़े होकर जोरदार नारेबाजी की।

इस दौरान नगेन्द्र नेगी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार अफीम की खेती के मामले उजागर हो रहे हैं, जो सरकार की नाकामी और संरक्षण दोनों को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रही थी, लेकिन सरकार कांग्रेस की आवाज से घबराकर पुलिस के जरिए रास्ता रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा और आगे इसे और बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।

वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि प्रदेश में सूखा नशा की खेती तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने महंगाई के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में महंगाई चरम पर पहुंच गई है और हाल ही में रसोई गैस के दाम बढ़ने से आम जनता की परेशानियां और बढ़ गई हैं। कांग्रेस आने वाले दिनों में महंगाई के खिलाफ भी सड़कों पर उतरेगी।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई समेत जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और जिले के अलग-अलग ब्लॉकों से आए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश में नशे और अवैध खेती के मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में सियासत और गरमा सकती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran