Skip to content

कांग्रेस का आरोप: प्रदेश में लहलहा रहा नशे का कारोबार, बलरामपुर में भी अवैध अफीम की खेती

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राज्य में नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि दुर्ग में पकड़े गए भाजपा नेता की अफीम की खेती महज शुरुआत थी और यह कारोबार मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है।

भूपेश बघेल ने कहा कि दुर्ग में पकड़े गए भाजपा नेता को मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया गया, जबकि अफीम की अवैध खेती को लेकर स्पष्ट सबूत थे। उन्होंने इसे बड़े खेल का हिस्सा बताते हुए कहा कि पूरी भाजपा इस नशे के कारोबार में लिप्त है।

बलरामपुर में अफीम की खेती

कांग्रेस ने बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी इलाके में पांच एकड़ में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने का मामला भी उजागर किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उस गांव के सरपंच ने जनवरी में पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

भूपेश बघेल ने कहा कि दुर्ग में भाजपा नेता की अफीम की खेती के मामले में हुई सरकार की उदासीनता और बलरामपुर में सूचना मिलने के बाद भी कार्रवाई न होना यह दर्शाता है कि सूखे नशे का यह नेटवर्क राज्य सरकार के संरक्षण में संचालित हो रहा है।

गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग

भूपेश बघेल ने मांग की कि यदि सरकार और उसके मुखिया में नैतिकता का जरा भी अहसास है, तो तुरंत ऐसे गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा यह स्पष्ट करता है कि ‘सुशासन’ की आड़ में सूखे नशे का यह व्यापारिक खेल पूरे राज्य में भाजपा की सहमति और भागीदारी के साथ चल रहा है।

भूपेश बघेल ने इसे जोर देकर कहा कि “सूखा नशा ही सुशासन है” और प्रदेश की जनता इस नशे और सत्ता संरक्षण के खेल को देख रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena