Skip to content

गांव-गांव स्वच्छता का संदेश, राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने किया निरीक्षण

रायगढ़, 10 मार्च 2026| स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य स्तर से पहुंची स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने पुसौर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने बेलपाली, जकेला, सुकुलभठली, कोसमंदा और बड़े हल्दी ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था, स्वच्छता गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, स्वच्छग्राहियों, स्वच्छता दीदियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

राज्य सलाहकार ने ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे का पृथक्करण करने से उसका बेहतर प्रबंधन संभव होता है और जैविक कचरे का उपयोग खाद के रूप में भी किया जा सकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ गांव के निर्माण में भी मदद मिलती है।

इस अवसर पर स्वच्छता कार्यों से जुड़े स्वच्छग्राही, स्वच्छता दीदी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीणजन, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करेंगे और उसके उचित प्रबंधन में सहयोग करेंगे।

भ्रमण के दौरान जिले से सहायक परियोजना अधिकारी वीरेन्द्र सिंह राय, जिला सलाहकार हीरा सिंह, ब्लॉक सेनिटेशन ऑफिसर राधिका पटेल तथा मनरेगा के तकनीकी सहायक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।

जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने तथा गांवों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है और लोग सक्रिय रूप से इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri